बरपाली//कोरबा, 23 जुलाई 2026। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ एवं जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली द्वारा गुरुवार को ग्राम पंचायत बरपाली स्थित ओवरब्रिज के नीचे एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं युवा कांग्रेस के सदस्यों ने भाग लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार देवांगन ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा हजारों NIIT छात्रों के समर्थन में छात्रहित एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ सांसदों एवं अन्य विपक्षी दलों के सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा गिरफ्तारी किए जाने के विरोध में यह आंदोलन आयोजित किया गया।
धरना स्थल पर उपस्थित नेताओं ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की आवाज को दबाने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रहित और जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार देवांगन, जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के महामंत्री प्रवीण ओगरे, वरिष्ठ कांग्रेसी संतोष सूर्या, सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश चंद्रवंशी, विधायक प्रतिनिधि रामकुमार कंवर एवं निरंजन श्रीवास, गोपाल श्रीवास, तरुण मांझी, श्रीमती मेहंदी चौहान, श्री शैलेंद्र कुमार, श्री श्याम सुंदर जायसवाल, अशोक कुमार श्रीवास, मीडियाकर्मी चित्रलेखा श्रीवास, जाग बली कैवर्त, रामपुर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष शिवम राय, रोशन खांडे, आयुष खत्री, अमित कुमार, सतीश चौहान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली के उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार श्रीवास, प्रेम राठौड़, वेदप्रकाश अग्रवाल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली के उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार श्रीवास ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी का संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।







