बरेली।* मेयर के PRO प्रकरण में पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में है। पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह ने गुरुवार को बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) मुनिराज जी से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इस दौरान उन्होंने अपने पक्ष में कॉल रिकॉर्डिंग समेत महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी प्रस्तुत किए।
पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह के खिलाफ थाना कोतवाली में 12 नवंबर 2026 को FIR संख्या 0563 दर्ज कराई गई थी। शिकायत में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अखिलेश कुमार सिंह ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल कार्यालय से कूड़ा नहीं उठने की समस्या को लेकर शिकायत करना था।
उन्होंने DIG को दिए प्रार्थना पत्र में कथित बातचीत के समय, कॉल की संख्या और अवधि तथा खबर के प्रसारण के समय में अंतर का उल्लेख करते हुए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि उपलब्ध कॉल रिकॉर्डिंग और CDR से पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकती है।
अखिलेश कुमार सिंह के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उन्हें न्यायालय से इस मामले में स्टे भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने DIG से मांग की कि मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष तरीके से कराई जाए और उनके द्वारा प्रस्तुत सभी साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जाए।
DIG मुनिराज जी ने प्रार्थना पत्र निष्पक्ष जांच के लिए CO सिटी को अग्रसारित कर दिया। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। अब मामले में पुलिस की आगे की विवेचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पत्रकार अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और वह चाहते हैं कि सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच हो, ताकि वास्तविकता सामने आ सके।







