झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
कृषि विभाग की नई एफएफएस व्यवस्था से उर्वरक वितरण में आएगी पारदर्शिता, किसानों को मिलेगा समय पर खाद*
जिले में किसानों को उर्वरक के लिए दुकानों एवं वितरण केंद्रों पर लंबी कतारों में लगने की परेशानी से राहत दिलाने तथा उर्वरकों के पारदर्शी एवं सुगम वितरण के लिए कृषि विभाग द्वारा फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (एफएफएस) व्यवस्था लागू की जा रही है। एफएफएस व्यवस्था को नए अवतार में 25 नवंबर 2026 से पुनः लागू किया गया । नई व्यवस्था में पूर्व में सामने आई तकनीकी खामियों एवं व्यावहारिक समस्याओं में काफी सुधार किया गया है, जिससे उर्वरक बुकिंग एवं वितरण प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी होगी। किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा पुरानी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए कृषि विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
नई व्यवस्था के तहत किसान अपने मोबाइल फोन में उपलब्ध एफएफएस ऐप के माध्यम से घर बैठे उर्वरकों की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। किसान अपनी फार्मर आईडी अथवा आधार संख्या के माध्यम से लॉगिन कर नजदीकी पंजीकृत विक्रेताओं के पास उपलब्ध यूरिया, डीएपी, एनपीके सहित अन्य उर्वरकों के स्टॉक की जानकारी प्राप्त कर अपनी आवश्यकतानुसार ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इससे किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ-साथ वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
जिले में हैं पर्याप्त खाद –
जिले में सभी ब्लॉक्स में पर्याप्त मात्र में यूरिया एवं डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को बुवाई के दौरान खाद की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विभाग एवं उर्वरक निर्माता कंपनियां समन्वित प्रयास करते हुए आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बना रही हैं । जिले में आज दिनांक 25 नवम्बर को 6407 मेट्रिक टन यूरिया तथा 4123 मेट्रिक टन डीएपी उपलब्ध हैं ।
उर्वरक वितरण व्यवस्था होगी अधिक पारदर्शी – संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), झालावाड़ डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने किसानों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में एफएफएस ऐप डाउनलोड कर इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि एफएफएस प्रणाली के माध्यम से किसानों को उनकी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। साथ ही उर्वरकों के असंतुलित उपयोग पर नियंत्रण तथा फसल एवं भूमि की आवश्यकता के अनुकूल उर्वरक उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा व्यावहारिक समस्या आने पर किसान अपने क्षेत्र के कृषि अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक अथवा जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष से सहायता प्राप्त कर सकते हैं ।
एफएफएस प्रणाली के प्रमुख लाभ
- उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अनधिकृत बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण होगा।
- उर्वरकों एवं अन्य गैर-कृषि कार्यों में उर्वरकों के अनावश्यक उपयोग पर रोक लगेगी।
- किसानों को उनकी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेंगे।
- उर्वरक वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित होगी।
- फसल एवं भूमि की आवश्यकता के अनुरूप संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
- वास्तविक किसानों तक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा कृत्रिम कमी की स्थिति को रोकने में मदद मिलेगी।
बिना मांग के उर्वरक थोपने पर होगी कार्रवाई – कृषि विभाग द्वारा उर्वरक कंपनियों एवं विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि किसी भी किसान की मांग के बिना उन्हें अनावश्यक रूप से अन्य उत्पादों के साथ उर्वरक खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाए। यदि कोई विक्रेता किसी किसान को उर्वरक खरीदने के लिए बाध्य करता है तो उसके साथ अन्य उत्पादों की खरीद को अनिवार्य नहीं किया जा सकेगा। ऐसा करने वाले उर्वरक विक्रेताओं एवं संबंधित कंपनियों के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरक विक्रेता इसके लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।
शिकायत मिलने पर होगी त्वरित कार्रवाई – एफएफएस प्रणाली में यदि किसान द्वारा जारी टोकन के आधार पर उर्वरक विक्रेता के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद किसान को उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग द्वारा किसानों की शिकायतों को संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसानों को जारी टोकन के अनुरूप निर्धारित समय पर पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध हो सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा मनमानी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
एफएफएस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कृषि विभाग ने की व्यापक तैयारी
एफएफएस व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध करवाने के लिए कृषि विभाग द्वारा पूरी तैयारी की गई है। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. नरेश कुमार शर्मा द्वारा जिले के विभिन्न ब्लॉकों में ब्लॉक प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। साथ ही जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां किसानों एवं उर्वरक विक्रेताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के लिए निम्न अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है-
- श्री महेंद्र शर्मा – सहायक कृषि अधिकारी, कार्यालय हाजा, मोबाइल नंबर 9929044344
- श्री सचिन कुमार – कृषि पर्यवेक्षक, कार्यालय हाजा, मोबाइल नंबर 7976499939
- डॉ. राम सिंह – जिला समन्वयक, कार्यालय हाजा, मोबाइल नंबर 9460071514
कंट्रोल रूम के माध्यम से एफएफएस ऐप, फार्मर आईडी, ऑनलाइन बुकिंग, उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।






