Home / Politics / सपा-कांग्रेस गठबंधन में दरार? अखिलेश ने कांग्रेस को 26 सीटों पर घेरा, 100 से कम पर तैयार नहीं राहुल….

सपा-कांग्रेस गठबंधन में दरार? अखिलेश ने कांग्रेस को 26 सीटों पर घेरा, 100 से कम पर तैयार नहीं राहुल….

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सीटों का गणित उलझता नजर आ रहा है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन दोनों की मांगों में बड़ा अंतर सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के सामने 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव रखा है, जबकि कांग्रेस इससे कहीं अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

बताया जा रहा है कि सपा के प्रस्ताव में वे सीटें प्रमुखता से शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी या दूसरे स्थान पर रही थी। इनमें रामपुर खास और फरेंदा सीट शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। वहीं मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर ऐसी सीटें हैं, जहां पार्टी पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रही थी।

इन 20 सीटों पर भी सपा ने जताई सहमति

इन छह सीटों के अलावा समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए 20 अन्य सीटों का भी प्रस्ताव रखा है। इनमें बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।

130 सीटों की सूची पर सपा ने मांगा जीत का आधार

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी को 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने के बाद अब बाकी सीटों पर कांग्रेस से विस्तृत जानकारी मांगी गई है।

सपा जानना चाहती है कि कांग्रेस जिन सीटों पर दावा कर रही है, वहां उसकी चुनावी स्थिति कितनी मजबूत है और किन संभावित उम्मीदवारों के दम पर पार्टी जीत हासिल कर सकती है। ऐसे में कांग्रेस को अब अपनी बाकी मांगों के समर्थन में मजबूत चुनावी समीकरण पेश करना होगा।

100 से कम सीटों पर तैयार नहीं कांग्रेस!

दूसरी ओर कांग्रेस भी सीटों के मामले में पीछे हटने के मूड में नहीं दिखाई दे रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी का मानना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में लगातार संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ाने का काम किया है। लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को भी कांग्रेस अपनी बढ़ती राजनीतिक ताकत के तौर पर देख रही है।

इसी आधार पर कांग्रेस विधानसभा चुनाव में अधिक सीटों की मांग कर रही है। पार्टी की ओर से संकेत दिए जा रहे हैं कि 100 से कम सीटों पर समझौता करना आसान नहीं होगा। सूत्रों के मुताबिक, आगामी बैठक में भी कांग्रेस अपनी इसी मांग पर कायम रह सकती है।

फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत का दौर जारी है। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी और राहुल गांधी की कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर सहमति बन पाती है या फिर 2027 के चुनाव से पहले गठबंधन की राह में यह खींचतान बड़ी चुनौती बनती है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now