26 नवंबर 2008… यह वह तारीख है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमले को आज 18 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन उस काली रात की यादें आज भी लोगों के दिलों में ताजा हैं। हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों और देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सुरक्षाकर्मियों को पूरा देश श्रद्धांजलि दे रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शहीदों को याद करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत के संकल्प को दोहराया।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में 26/11 हमले को कायरतापूर्ण आतंकी हमला बताते हुए शहीद जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आतंकियों का मुकाबला करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों और हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने आतंकवाद को मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के हर रूप और उसकी साजिशों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के संकल्प पर कायम है।
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष करने वाले सुरक्षाकर्मियों के साहस और सेवा को नमन किया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ भारत की लड़ाई जारी रखने और हमले में शामिल लोगों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी 26/11 के शहीदों को याद करते हुए कहा कि आतंकियों के सामने मजबूती से खड़े रहने वाले पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों का साहस तथा देश के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आतंकवाद को मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए कहा कि भारत एकजुटता और जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ इसके खिलाफ खड़ा है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी शहीदों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बता दें कि 26 नवंबर 2008 की रात पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने समुद्र के रास्ते मुंबई में प्रवेश किया था। इसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल, लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस समेत कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया गया। 26 नवंबर से शुरू हुआ यह हमला 29 नवंबर तक चला। करीब 60 घंटे तक मुंबई दहशत के साये में रही। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई, जबकि लगभग 300 लोग घायल हुए। सुरक्षा बलों ने नौ आतंकियों को मार गिराया, जबकि अजमल कसाब को जिंदा गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे 21 नवंबर 2012 को फांसी दी गई।
हमले के 18 साल बाद भी मुंबई के लियोपोल्ड कैफे की दीवारों पर मौजूद गोलियों के निशान उस भयावह रात की याद दिलाते हैं। वहीं, आतंकी हमले के दौरान अदम्य साहस दिखाने वाले पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों का बलिदान देश के इतिहास में हमेशा दर्ज रहेगा। 26/11 की बरसी एक बार फिर याद दिलाती है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में देश की एकता, सतर्कता और सुरक्षा कितनी अहम है।





