अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
किसानों की सुविधा के लिए शासन ने की पर्याप्त व्यवस्था, धान को सुखाकर एवं साफ-सुथरा लाने समिति प्रबंधक ने की अपील
कोरबा//आदिम जाति सेवा सहकारी समिति कुदुरमाल पंजीयन क्रमांक 377 के अंतर्गत धान खरीदी केंद्र में आज धान खरीदी का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। शुभारंभ अवसर पर ग्राम अखरापाली के किसान श्री केदारनाथ साहू पिता हिंछाराम साहू का 18 क्विंटल 40 किलो धान खरीदी कर धान उपार्जन कार्य की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष श्री देवेंद्र पांडेय, जनपद सदस्य श्री विजय पटेल, ग्राम के सरपंच, कृषक बहरता राम, मुन्नालाल राजवाड़े, समिति प्रबंधक तुलेश्वर कौशिक, फड़ प्रभारी चंद्र कुमार राठौर, कंप्यूटर ऑपरेटर संजय मनु, बारदाना प्रभारी गणेश कंवर सहित क्षेत्र के किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष श्री देवेंद्र पांडेय ने कहा कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सरकार किसानों को धान का उचित मूल्य देने के साथ ही आदान सहायता राशि भी प्रदान कर रही है, जिससे किसान आर्थिक रूप से मजबूत, खुशहाल और समृद्ध बन सकें। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और धान खरीदी व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
वहीं समिति प्रबंधक श्री तुलेश्वर कौशिक ने उपस्थित किसानों से आग्रह किया कि वे अपना धान अच्छी तरह सुखाकर, साफ-सुथरा एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही खरीदी केंद्र में लेकर आएं। उन्होंने कहा कि मानक स्तर का धान लाने से खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न होगी और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
धान खरीदी के शुभारंभ पर उपस्थित किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खरीदी कार्य के सफल संचालन की कामना की।








