हापुड़ के धौलाना क्षेत्र में हुई उस हिंसक घटना की, जिसने पूरे इलाके में तनाव फैला दिया।दरअसल, महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर साठा चौरासी क्षेत्र में निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान मामूली कहासुनी ने अचानक बड़ा बवाल का रूप ले लिया। घटना देहरा गांव में उस समय हुई, जब शोभायात्रा का समापन महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद हो रहा था।
बताया जा रहा है कि एक दुकान पर सामान लेने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव शुरू हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि कई लोग घरों की छतों पर चढ़ गए और वहां से पत्थर फेंके गए। इस दौरान कई दुकानों, घरों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। वायरल वीडियो में कुछ युवक छतों पर चढ़कर हंगामा करते नजर आए। घटना में दरोगा वरुण कुमार समेत सात लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन करीब 20 मिनट तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा और मौके से 30 से ज्यादा बाइकें जब्त कीं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एडीजी भानु भास्कर, डीएम कविता मीना और अन्य अधिकारी देर रात तक मौके पर डटे रहे। पुलिस अब वीडियो फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।प्रशासन का कहना है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है ताकि किसी तरह की अफवाह न फैल सके।फिलहाल, इस घटना के बाद इलाके में तनाव जरूर है, लेकिन प्रशासन लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
रिपोर्ट – किरन






