कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘Belonging: A Journey Of Love’ में राहुल गांधी के बचपन से जुड़ा एक भावुक किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि साल 1977 में इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद राहुल गांधी के सातवें जन्मदिन की पार्टी में उनके लगभग सभी दोस्तों ने आने से दूरी बना ली थी। पार्टी में सिर्फ एक दोस्त ही शामिल हुआ था।सोनिया गांधी के मुताबिक, 19 जून 1977 को राहुल गांधी का सातवां जन्मदिन था। उस समय गांधी परिवार नए घर 12, विलिंगडन क्रेसेंट में रहने आया था। सोनिया ने राहुल के लिए छोटा-सा जन्मदिन समारोह आयोजित करने की तैयारी की थी। राहुल ने अपने उन दोस्तों की सूची भी दी थी, जो पहले उनके जन्मदिन पर आ चुके थे।
सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने मिलकर घर को गुब्बारों से सजाया और केक तैयार किया। परिवार को उम्मीद थी कि राहुल के दोस्त पार्टी में आएंगे, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद सिर्फ राहुल का एक करीबी दोस्त सिद्धार्थ ही वहां पहुंचा।सोनिया गांधी ने बताया कि जब उन्होंने एक-एक करके बच्चों के माता-पिता को फोन किया, तो उनके जवाब टालने वाले थे। तब उन्हें एहसास हुआ कि कोई दूसरा बच्चा पार्टी में नहीं आने वाला है। इस घटना से राहुल काफी दुखी हो गए थे।सोनिया के अनुसार, राजीव गांधी ने राहुल को समझाते हुए कहा था कि इसमें उनके दोस्तों की गलती नहीं है। हो सकता है कि उनके माता-पिता गांधी परिवार से दोस्ती करने में डर रहे हों।
सोनिया गांधी ने इस घटना को राजनीतिक माहौल के कारण रिश्तों में आए बदलाव का एक कड़वा अनुभव बताया। उन्होंने यह भी लिखा कि उस दौर में राहुल और प्रियंका को स्कूल में कई बार राजनीतिक कारणों से ताने सुनने पड़ते थे।






