उत्तर प्रदेश के इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चौबिया थाना क्षेत्र के चौपला कट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी।जानकारी के मुताबिक, आगरा के बोदला स्थित राहुल नगर निवासी मोहित ने करीब दो सप्ताह पहले नई अर्टिगा कार खरीदी थी। वह इस कार को टैक्सी में चलाना चाहते थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मोहित अपने भाई गोविंद, हरिओम, दो बच्चों हिमांशु और रोहताश तथा मौसेरे भाई विकास के साथ कार से गांव के लिए निकले थे। सभी नई कार का पूजन कराने जा रहे थे।
इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। खास बात यह है कि परिवार में दिवाली की खुशियां थीं और सभी नई कार का पूजन कराने के लिए गांव जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





