नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के 99वें जन्मदिन के अवसर पर बीजेपी की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 8 नवंबर 1927 को जन्मे आडवाणी इस वर्ष अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इस खास मौके पर पार्टी उनके लंबे राजनीतिक सफर और देश के प्रति योगदान को याद करेगी।
बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे पूजा और हवन के साथ होगी। इसके बाद आडवाणी के जीवन, राजनीतिक सफर और उनके प्रमुख भाषणों पर आधारित करीब 20 मिनट की विशेष वीडियो प्रस्तुति दिखाई जाएगी। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने अनुभव साझा करते हुए आडवाणी के योगदान को याद करेंगे।
इस विशेष आयोजन में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रतिभा आडवाणी और पीयूष गोयल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जिसके बाद नितिन नवीन आडवाणी के योगदान पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ होगा।
लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने बीजेपी के संगठनात्मक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह देश के गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं। साल 2024 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उनके जन्मदिन पर आयोजित यह कार्यक्रम पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति सम्मान और उनके राजनीतिक योगदान को याद करने का अवसर माना जा रहा है।






