Home / Updates / ग्राम पंचायत महोरा को बाल विवाह मुक्त बनाने का लिया संकल्प..

ग्राम पंचायत महोरा को बाल विवाह मुक्त बनाने का लिया संकल्प..

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
महोरा// बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से ग्राम पंचायत महोरा में बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने की शपथ ली।
शपथ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी भी स्थिति में बाल विवाह को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा तथा कम उम्र में बच्चों का विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बाल विवाह को बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक विकास एवं उज्ज्वल भविष्य में बाधक बताते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस कुरीति के खिलाफ आगे आने की अपील की गई। विशेष रूप से अभिभावकों को बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और निर्धारित कानूनी उम्र से पहले विवाह नहीं करने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
इस पहल के माध्यम से ग्राम पंचायत महोरा के जनप्रतिनिधियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने संदेश दिया कि बाल विवाह रोकना केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सभी ने मिलकर महोरा को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने तथा इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now