महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी NCP को लेकर दावा किया जा रहा है कि पार्टी परिसीमन बिल के समर्थन के बदले केंद्र सरकार में अपनी हिस्सेदारी चाहती है। इस पूरे घटनाक्रम में शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले का नाम चर्चा में है। दावा है कि उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है।दरअसल, खबरों के मुताबिक करीब 24 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच मुलाकात के दौरान देश की राजनीति को लेकर बातचीत हुई थी। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से साथ मिलकर देश के लिए काम करने की बात कही थी। इसके बाद से ही दोनों नेताओं के बीच संभावित राजनीतिक नजदीकियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब चर्चा है कि अगर NCP परिसीमन बिल का समर्थन करती है, तो इसके बदले सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री पद मिल सकता है। हालांकि, यह अभी एक दावा है और न तो मंत्री पद को लेकर और न ही किसी राजनीतिक समझौते को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा हुई है।आपको बता दें कि परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना है। इससे चुनाव क्षेत्रों और उनके प्रतिनिधित्व में बदलाव हो सकता है। फिलहाल सभी की नजरें शरद पवार की पार्टी के अगले कदम और सुप्रिया सुले को लेकर चल रही चर्चाओं पर टिकी हैं।






