नए साल के दिन हरियाणा के फरीदाबाद स्थित गांव बड़ौली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब पिलाने से इनकार करने पर एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 46 वर्षीय मोहम्मद रिजवान के रूप में हुई है, जो गांव बड़ौली के निवासी थे और एक निजी कंपनी में मजदूरी करते थे। वारदात के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बादशाह खान नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पुत्र मोहम्मद एजाज के अनुसार, गुरुवार शाम उनके पिता घर से चिकन लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान गांव के ही एक युवक वीरवल ने उनसे शराब पिलाने की मांग की। जब रिजवान ने शराब पिलाने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर वीरवल ने पास ही स्थित चिकन की दुकान से चाकू उठाया और रिजवान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर बीपीटीपी थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार
हत्या के मामले में बीपीटीपी थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी वीरबल, निवासी गांव बड़ौली, को गांव के जंगल क्षेत्र से काबू किया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






