केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित 12 उच्चस्तरीय अधिकारियों के नाम भेजा गया शिकायत पत्र, धार्मिक स्थल की सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
कोरबा। देशभर में सक्रिय पंजीकृत संस्था तहफ्फुज-ए-नामुस-ए-रिसालत एक्शन ट्रस्ट (TNRAT) के अध्यक्ष मोहम्मद न्याज नूर आरबी ने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि–शाही ईदगाह मस्जिद विवाद को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने 6 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित कार सेवा के नाम पर किए जा रहे कथित सार्वजनिक आह्वानों तथा शाही ईदगाह मस्जिद को नुकसान पहुंचाने की आशंका के संबंध में कोरबा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
इस ज्ञापन के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय गृह सचिव, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित कुल 12 उच्चस्तरीय अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और समय रहते प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के साथ संबंधित बयानों, समाचारों, सोशल मीडिया सामग्री एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।
6 दिसंबर को प्रस्तावित कार सेवा को लेकर जताई चिंता
ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहम्मद न्याज नूर आरबी ने अपने शिकायत पत्र में उल्लेख किया है कि विभिन्न समाचार माध्यमों, सार्वजनिक बयानों एवं सोशल मीडिया पर उपलब्ध सूचनाओं के अनुसार कुछ संगठनों और व्यक्तियों द्वारा 6 दिसंबर को मथुरा पहुंचकर कार सेवा में शामिल होने के लिए देशभर के लोगों से अपील की जा रही है।
शिकायत में करणी सेना के नेता ठाकुर विजयपाल सिंह, अखिल भारत हिंदू महासभा तथा संत समाज के कुछ प्रतिनिधियों के नामों का उल्लेख करते हुए संबंधित सार्वजनिक बयानों और गतिविधियों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। साथ ही शाही ईदगाह मस्जिद को ध्वस्त करने, हटाने अथवा नुकसान पहुंचाने से संबंधित कथित आह्वानों की वास्तविकता की जांच कराने का आग्रह किया गया है।
न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील
अध्यक्ष मोहम्मद न्याज नूर आरबी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि–शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा मामला संवेदनशील होने के साथ न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति या संगठन को कानून अपने हाथ में लेने अथवा न्यायिक प्रक्रिया से बाहर जाकर किसी धार्मिक स्थल पर जबरन कार्रवाई करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि इस तरह के कथित आह्वानों पर समय रहते प्रशासनिक संज्ञान नहीं लिया गया तो क्षेत्र में तनाव और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। इसलिए संबंधित बयानों, भाषणों, वीडियो और सोशल मीडिया प्रचार सामग्री की जांच कर आवश्यक कदम उठाना जरूरी है।
ज्ञापन में रखीं 11 प्रमुख मांगें
ट्रस्ट ने प्रशासन के समक्ष 11 प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें 6 दिसंबर को प्रस्तावित कार सेवा से जुड़े सार्वजनिक आह्वानों की निष्पक्ष जांच, मस्जिद को नुकसान पहुंचाने संबंधी कथित बयानों की पड़ताल, संबंधित संगठनों एवं आयोजकों की गतिविधियों की जानकारी जुटाना, सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री की निगरानी तथा मथुरा के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।
इसके अलावा किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को रोकने के लिए प्रभावी निवारक कार्रवाई, न्यायालय के आदेशों का पालन तथा जांच में अपराध के तत्व पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है। आवश्यकता पड़ने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत भी वैधानिक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है।
‘कानून सभी के लिए समान, शांति और सौहार्द सर्वोपरि’
ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहम्मद न्याज नूर आरबी ने अपने अंतिम निवेदन में कहा कि संस्था का उद्देश्य किसी धर्म, धार्मिक संगठन अथवा शांतिपूर्ण धार्मिक गतिविधि का विरोध करना नहीं है। संस्था की मांग केवल कानून का निष्पक्ष पालन, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान और देश में शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना है।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि 6 दिसंबर 2026 से पूर्व शिकायत में प्रस्तुत तथ्यों एवं साक्ष्यों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक सुरक्षा और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
ज्ञापन के अंत में मोहम्मद न्याज नूर आरबी ने उम्मीद जताई कि संबंधित उच्चस्तरीय अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराएंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाएंगे।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट तुमान से











