अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा// SECL गेवरा परियोजना के अंतर्गत विस्थापन की प्रक्रिया से प्रभावित ग्राम पंचायत भिलाई बाजार के ग्रामीणों ने अपने पुनर्वास के लिए सर्वमंगला नगर को बसाहट स्थल बनाए जाने की मांग तेज कर दी है। समाजसेवी प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में शनिवार, 14 नवंबर 2026 को सरपंच की अगुवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण भिलाई बाजार के समीप एकजुट हुए और सामूहिक रूप से अपनी मांग को बुलंद किया।
समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि सर्वमंगला नगर को पुनर्वास स्थल बनाए जाने की मांग को माननीय उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन तथा कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल की अनुशंसा भी प्राप्त है। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत भिलाई बाजार की ग्रामसभा में भी सर्वमंगला नगर को बसाहट स्थल बनाए जाने के संबंध में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है।
इस मांग को शासन-प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रदीप जायसवाल ने 17 नवंबर 2026 को गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर कोरबा पहुंचे माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव को अन्य ग्रामीणों के साथ लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया। ग्रामीणों की मांग सुनने के बाद उपमुख्यमंत्री ने आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कलेक्टर को निर्देशित किया।
इसी क्रम में समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से फोन के माध्यम से संपर्क कर भिलाई बाजार के विस्थापित परिवारों की पुनर्वास संबंधी समस्या और सर्वमंगला नगर को बसाहट स्थल बनाए जाने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए जिला कलेक्टर से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही।
ग्रामीणों का कहना है कि पुनर्वास केवल जमीन उपलब्ध कराने तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह विस्थापित परिवारों के भविष्य, सामाजिक जुड़ाव, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। इसलिए बसाहट स्थल का चयन ग्रामीणों की सहमति और उनकी व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन और SECL प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय होने तक सर्वमंगला नगर को पुनर्वास स्थल बनाए जाने की मांग जारी रहेगी।





