महाराष्ट्र के प्रसिद्ध शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी नितिन शेटे की सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जब उनका शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने जब कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का दृश्य बेहद दिल दहला देने वाला था – नितिन शेटे छत से रस्सी के सहारे लटके मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी आत्महत्या की खबर पूरे गांव और मंदिर से जुड़े समुदाय के लिए गहरा सदमा बन गई है। अब तक यह साफ नहीं है कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया।
यह घटना ऐसे वक्त पर हुई है जब शनि मंदिर ट्रस्ट पर भ्रष्टाचार के आरोप पहले से ही सुर्खियों में हैं। हाल ही में विधानसभा में यह मामला उठा था कि मंदिर के नाम पर नकली ऐप से चंदा वसूला जा रहा है और ट्रस्ट के भीतर बड़े घोटाले हो रहे हैं। राज्य सरकार ने इस पर जांच के आदेश दिए थे। नितिन शेटे, जो कभी ट्रस्ट के ट्रस्टी भी रह चुके थे, अब अचानक इस तरह दुनिया को अलविदा कह गए, जिससे कई सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस आत्महत्या का संबंध ट्रस्ट में चल रही कथित गड़बड़ियों से तो नहीं है। पूरे गांव में इस खबर के बाद शोक और सन्नाटा पसरा है।






