Home / News / स्वामी आत्मानंद विद्यालय कराईनारा में विविध गतिविधियों के साथ मनाया गया संविधान दिवस

स्वामी आत्मानंद विद्यालय कराईनारा में विविध गतिविधियों के साथ मनाया गया संविधान दिवस

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कराईनारा, विकासखंड करतला, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) में 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में संगोष्ठी, ड्राइंग-पेंटिंग, रंगोली, बैज निर्माण, पोस्टर निर्माण, ब्लॉक एवं बुकमार्क सहित विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए सुंदर प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में राजनीति शास्त्र विभाग के प्रभारी एवं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. यू. एस. कांत ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में भारतीय संविधान के महत्व, मूल भावना तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
विज्ञान विभाग के प्रभारी श्री भूपेंद्र सिंह राठौर ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं न्याय के आदर्शों पर आधारित है। संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा केवल उसकी प्रस्तावना पढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके मूल्यों को अपने आचरण एवं व्यवहार में अपनाना ही उसका वास्तविक सम्मान है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री गंगा सिंह कंवर ने अपने उद्बोधन में संविधान दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों का सम्मान करने, अनुशासन बनाए रखने तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री आनंद पाण्डेय जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त व्याख्याता गण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस प्रकार विद्यालय में संविधान दिवस का आयोजन ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now