Home / News / संविधान दिवस पर तानाखार के अमृत सरोवर में हुआ गरिमामय आयोजन

संविधान दिवस पर तानाखार के अमृत सरोवर में हुआ गरिमामय आयोजन

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, स्वच्छता की शपथ लेकर पौधारोपण के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
तानाखार//संविधान दिवस के अवसर पर ग्राम तानाखार स्थित अमृत सरोवर परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, जनपद अध्यक्ष महोदया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि दिलीप मेहता सहित पंचायत पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उपस्थित सभी लोगों ने संविधान में उल्लेखित मूल सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। ग्रामीणों ने अपने गांव, सार्वजनिक स्थलों एवं जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। अधिकारों के साथ प्रत्येक नागरिक की यह जिम्मेदारी भी है कि वह अपने संवैधानिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर गांव का निर्माण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही गांव को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा अमृत सरोवर परिसर में पौधारोपण किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर ने किया। संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को संविधान के प्रति सम्मान, नागरिक कर्तव्यों के पालन, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now