सैटेलाइट बस स्टैंड के पास नाले का वायरल वीडियो बना नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर बड़ा सवाल, मेयर उमेश गौतम के ‘स्वच्छ बरेली’ के दावों पर उठे सवाल।
बरेली। शहर ने इस बार बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव की समस्या का सामना किया। सड़कों से लेकर गलियों तक पानी भरने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उस वक्त कहीं अधिक बारिश को जलभराव की वजह बताया गया तो कहीं दूसरे कारण गिनाए गए, लेकिन अब नालों की बदहाल स्थिति दिखाते वायरल वीडियो नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
ऐसा ही एक वीडियो बरेली के सैटेलाइट बस स्टैंड के पास का सामने आया है। वीडियो में नाला पानी से ज्यादा कूड़े से भरा नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि नाले के पास ही स्पष्ट रूप से लिखा है कि ‘नाला गहरा है’, लेकिन वीडियो में दिखाई दे रहा कूड़ा नाले के ऊपरी हिस्से तक जमा नजर आता है। नाले के आसपास भी कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं।
यह दृश्य सिर्फ एक नाले की बदहाली नहीं, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था और नाला सफाई के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। जब नालों में पानी की जगह कूड़ा भरा रहेगा तो बारिश का पानी आखिर निकलेगा कैसे? क्या इसी लापरवाही का खामियाजा बरसात में पूरे शहर को जलभराव के रूप में भुगतना पड़ा?
बरेली के मेयर उमेश गौतम लगातार स्वच्छ और विकसित बरेली की तस्वीर पेश करते नजर आते हैं, लेकिन सैटेलाइट बस स्टैंड के पास का यह वायरल वीडियो उन दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर दिखाता नजर आ रहा है।
सवाल सीधे मेयर और नगर निगम प्रशासन से हैं—
क्या रील और सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली स्वच्छ बरेली की तस्वीर ही विकास का पैमाना बन गई है? क्या नगर निगम के अधिकारी कभी शहर के इन नालों की वास्तविक स्थिति देखने भी पहुंचते हैं? अगर नालों की नियमित सफाई हो रही है तो उनमें इतना कूड़ा कैसे जमा है?
2027 के चुनाव नजदीक हैं, लेकिन शहर की बुनियादी समस्याओं पर नगर निगम की सक्रियता कितनी है, यह सवाल अब जनता पूछ रही है।
बरेली को सिर्फ रीलों में स्वच्छ नहीं, जमीन पर भी स्वच्छता चाहिए। आखिर जिम्मेदारी कौन लेगा?





