रिपोर्ट-रजत मल्होत्रा
संभल: संभल जिले के जुनावई ब्लॉक क्षेत्र की 72 ग्राम पंचायतों में सितंबर 2026 के लिए जिलाधिकारी द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति जांचने के लिए स्थलीय सत्यापन कराया गया। इसके लिए 10 नोडल अधिकारियों को अलग-अलग न्याय पंचायतों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सत्यापन के दौरान बीबी जी रामजी योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों, तालाबों के सौंदर्यीकरण, आंगनबाड़ी केंद्रों, नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग, अन्नपूर्णा भवन, पंचायत भवनों की मरम्मत और गांवों के मुख्य मार्गों पर जलभराव व साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया।
प्रशासन की ओर से विभिन्न न्याय पंचायतों में अधिकारियों को भेजकर स्वीकृत कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच कराई गई। इस दौरान जुनावई ग्राम पंचायत में स्वीकृति मिलने के बावजूद पंचायत भवन की मरम्मत और इंटरलॉकिंग का काम शुरू नहीं होने का मामला सामने आया।
सत्यापन का उद्देश्य विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की वास्तविक स्थिति का पता लगाना है, ताकि अधूरे कार्यों को समय पर पूरा कराया जा सके और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच सके।






