कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष खुद ही सदन को नहीं चलने देना चाहता। उनका कहना है कि जब भी विपक्ष कोई मुद्दा उठाना चाहता है, तो उसे बोलने का मौका ही नहीं दिया जाता।
प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और कई विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन भी किया। मीडिया से बातचीत में प्रियंका ने बताया कि पिछली बार उन्होंने खुद देखा कि किस तरह सत्ता पक्ष ने जानबूझकर हंगामा किया ताकि विपक्ष की आवाज़ दबाई जा सके और सदन की कार्यवाही ठप हो जाए।
विपक्ष की ओर से ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमला और बिहार वोटर लिस्ट जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की मांग की जा रही है। सरकार ने फिलहाल सिर्फ ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की बात कही है, लेकिन विपक्ष बिहार वाले मुद्दे पर भी बहस चाहता है। इसी को लेकर संसद परिसर में आज फिर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसमें सोनिया और प्रियंका गांधी भी शामिल रहीं।






