गुरुवार को उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण की वोटिंग शुरू हो गई है। प्रदेश के 89 विकासखंडों में 26 लाख से ज्यादा मतदाता आज अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं। सुबह से ही कई बूथों पर लोगों की लंबी कतारें नजर आईं, खासकर ग्रामीण इलाकों में काफी जोश और उत्साह देखा जा रहा है। इस चरण में 17 हज़ार से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला आज मतपेटियों में बंद हो जाएगा।

बता दे की देहरादून जिले के तीन ब्लॉक – कालसी, चकराता और विकासनगर – में आज वोटिंग हो रही है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने काफी सख्ती बरती है। पूरे इलाके को चार सुपर जोन, 14 जोन और 49 सेक्टरों में बांटा गया है ताकि हर जगह निगरानी रखी जा सके। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया है और लोगों से कहा गया है कि बिना किसी डर के वोट डालें। उन्होंने ये भी साफ कर दिया है कि आचार संहिता का पूरी सख्ती से पालन कराया जाएगा।
विकासनगर इलाके के चकराता और कालसी ब्लॉकों में भी वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू हो गई थी। पहले दो घंटों में ही यहां औसतन 18% मतदान हो चुका था। कई बूथों पर लंबी लाइनें दिखीं, खासकर महिलाओं की भागीदारी काफी उत्साहजनक रही।

वही टिहरी जिले में मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी खुद कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर रख रहे हैं। यहां सुबह 10 बजे तक 10.66% मतदान हुआ है। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने क्षेत्र – नगला तराई – के राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर वोट डाला।






