Home / News / सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर ग्राम पंचायत खुंटाकुड़ा में आवास मामले की जांच में पहुंचे अधिकारी, दो प्रकरण सही पाए गए

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर ग्राम पंचायत खुंटाकुड़ा में आवास मामले की जांच में पहुंचे अधिकारी, दो प्रकरण सही पाए गए

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
एक ही परिवार में कई आवास स्वीकृत होने की शिकायत, ग्राम सभा के निर्णय के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
करतला//विकासखंड करतला, जिला कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत खुंटाकुड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटन को लेकर की गई शिकायत पर जनपद पंचायत के अधिकारियों ने जांच की। ग्राम निवासी शिकायतकर्ता लखन लाल पटेल द्वारा सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि पूर्व में आवास का लाभ प्राप्त कर चुके परिवार को दोबारा आवास आवंटित किया जा रहा है। साथ ही एक ही परिवार के तीन से चार सदस्यों के नाम पर आवास स्वीकृत किए जाने तथा कुछ लाभार्थियों के नाबालिग होने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के बाद करतला जनपद पंचायत की जांच टीम गांव पहुंची और संबंधित आवास प्रकरणों की जांच की। जांच के दौरान दो व्यक्तियों के आवास संबंधी प्रकरण सही पाए गए। वहीं, एक व्यक्ति का नाम ग्राम सभा में पहले ही निरस्त किया जा चुका है। दूसरे व्यक्ति के दिव्यांग होने के कारण उसके आवास संबंधी प्रकरण पर ग्राम सभा में चर्चा कर निर्णय लेने की बात सामने आई है।
जांच के दौरान दिनांक 17 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत के सरपंच अनुपस्थित थे। अधिकारियों द्वारा दूरभाष पर संपर्क कर पीएम आवास की जांच टीम के ग्राम पंचायत पहुंचने के संबंध में पूछे जाने पर सरपंच ने बताया कि आवश्यक कार्य होने के कारण वे बाहर गए हुए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि पीएम आवास सर्वेकर्ता द्वारा एक ही परिवार के कई सदस्यों को आवास दिलाने के उद्देश्य से सर्वे किया गया था। इस मामले में आवास की पात्रता और सर्वे प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जांच के बाद संबंधित आवास प्रकरणों में ग्राम सभा के निर्णय के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आवास योजना में पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने तथा अपात्र लोगों को योजना का लाभ मिलने से रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। अब ग्रामीणों की नजर ग्राम सभा के आगामी निर्णय और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now