Home / News / बरेली गेस्ट हाउस में गुजरात के 39 वर्षीय युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, कमरे में मिला इंसुलिन का इंजेक्शन

बरेली गेस्ट हाउस में गुजरात के 39 वर्षीय युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, कमरे में मिला इंसुलिन का इंजेक्शन

बरेली। शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित केपीएसआर (KPSR) गेस्ट हाउस में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की पहचान गुजरात के कच्छ जिले के भुज निवासी 39 वर्षीय बकाली जावेद हसन के रूप में हुई है। वह पिछले दो दिनों से गेस्ट हाउस के कमरे में ठहरे हुए थे। कमरे से इंसुलिन का इंजेक्शन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, बकाली जावेद हसन 22 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे गेस्ट हाउस पहुंचे थे। उन्होंने कमरा नंबर 107 बुक कराया था। बताया जा रहा है कि वह यहां अकेले ठहरे हुए थे। सोमवार को पूरे दिन वह कमरे से बाहर नहीं निकले। इस पर गेस्ट हाउस कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

देर रात करीब 12 बजे कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर देखा तो युवक कमरे में मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी और सुभाषनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

कमरे में मिला इंसुलिन का इंजेक्शन

पुलिस को शुरुआती जांच के दौरान कमरे से इंसुलिन का इंजेक्शन मिला है। हालांकि, युवक ने इंजेक्शन क्यों रखा था और इसका उसकी मौत से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गुजरात में रह रहे युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में कोई दूसरी संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल युवक की मौत रहस्य बनी हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now