सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक बार फिर हूती विद्रोहियों के हमले से हड़कंप मच गया। 24 नवंबर को रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित एक टावर को निशाना बनाया गया। इस हमले में कुल 11 लोग घायल हुए, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हमले के बाद भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने बयान जारी कर इस हमले की निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरब के नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है। ऐसे हमलों से आम नागरिकों की जान को खतरा पैदा होता है और क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा प्रभावित होती है। भारत ने इन हमलों को तत्काल रोकने की मांग की है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायल भारतीयों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि पश्चिम एशिया में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।





