झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
*
झालावाड़। जिले में उर्वरकों की असामान्य बिक्री, संभावित कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग द्वारा अब तक 21 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं तथा 33 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। कृषि विभाग के अनुसार 20 नवंबर 2026 से उर्वरक बिक्री की नई डिजिटल व्यवस्था फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर्स सेल (FFS) लागू होने की संभावना के चलते 18 एवं 19 नवंबर को जिले में यूरिया एवं डीएपी की बिक्री में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई। इन दो दिनों में सामान्य बिक्री की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक उर्वरकों का विक्रय हुआ। बिक्री में इस असामान्य उछाल को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल जांच एवं कार्रवाई शुरू की।
14 निरीक्षकों की टीम कर रही विक्रय का सत्यापन – उर्वरकों की असामान्य बिक्री के वास्तविक कारणों एवं संभावित अनियमितताओं का पता लगाने के लिए जिले में 14 कृषि निरीक्षकों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके द्वारा 18 एवं 19 नवंबर को हुई उर्वरक बिक्री का विक्रेतावार एवं उत्पादवार सत्यापन किया जा रहा है। जांच के दौरान पॉश मशीन के बिक्री रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, उपलब्ध स्टॉक तथा गोदामों में उपलब्ध भौतिक स्टॉक का मिलान किया जा रहा है।
किसानों के घर पहुंचकर हो रहा उर्वरक बिक्री का सत्यापन-जांच को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए कृषि निरीक्षकों द्वारा 18 एवं 19 नवंबर को विक्रेताओं से उर्वरक खरीदने वाले किसानों के घर एवं खेतों पर पहुंचकर भी भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसमें किसानों से उर्वरक खरीद की पुष्टि, खरीदी गई मात्रा एवं वास्तविक उपयोग के संबंध में जानकारी ली जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पॉश मशीन में दर्शाई गई बिक्री वास्तव में किसानों को ही की गई है अथवा नहीं।
अवैध उर्वरक बिक्री पर FIR सहित होगी कठोर कार्रवाई – कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी विक्रेता द्वारा अवैध रूप से उर्वरक विक्रय, फर्जी कृषक प्रविष्टि, कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अन्य गंभीर अनियमितता किया जाना पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार FIR दर्ज करवाने सहित कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। किसी भी स्तर पर अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक केवल पंजीकृत एवं अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें तथा प्रत्येक खरीद का बिल अनिवार्य रूप से प्राप्त करें| कृषि विभाग का स्पष्ट संदेश है कि उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता, वास्तविक किसानों तक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इन विक्रेताओं के हुए लाइसेंस निलंबित –
- आराध्या कृषि सेवा केन्द्र, जावर, मनोहरथाना।
- श्रीराम खाद बीज भण्डार, झालरापाटन।
- शशि एग्रो एजेंसी, खानपुर।
- आदित्य खाद बीज भण्डार, हालीखेड़ा।
- बृज भूमि फर्टिलाइजर्स एवं केमिकल्स, खानपुर।
- गुरु कृपा एंटरप्राइजेज, मनोहरथाना।
- शिवम एग्रो एजेंसी, सारोला कला।
- राठौर कृषि फार्म, रामनगर, झालावाड़।
- भोनाजी खाद बीज भण्डार, घाटोली।
- कृष्णा कृषि शॉप, बस स्टैंड के पास, गंगधार।
- गुप्ता फर्टिलाइजर्स, झालावाड़।
- शक्तावत कृषि सेवा केन्द्र, खानपुर।
- केशव खाद बीज भण्डार, खानपुर।
- सांवरिया किसान सेवा केन्द्र, तारज।
- सिखवाल कृषि सेवा केन्द्र, देहिखेड़ा ।
- फलोदी कृषि सेवा केन्द्र, भीलवाड़ी ।
- सत्यनारायण खाद बीज भण्डार, मेन बाजार, मिश्रोली।
- बालाजी कृषि सेवा केन्द्र एवं ट्रेडर्स, मनोहरथाना
- नागर कृषि सेवा केन्द्र, बीजानगर रोड, मनोहरथाना।
- श्री सांवरिया कृषि सेवा केन्द्र, मनोहरथाना।
- साहू खाद भण्डार, मनोहरथाना।






