बसपा प्रमुख मायावती ने पूर्व भाजपा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के विवादित बयान ‘मुस्लिम लड़की लाओ, शादी करो, नौकरी पाओ’ पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस बयान को समाज में जहर घोलने वाला और बेहद निंदनीय बताया। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में धर्म परिवर्तन और लव जिहाद जैसे मुद्दों के नाम पर कुछ लोग जानबूझकर नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे समाज में वैमनस्य और अशांति बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे तत्वों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का राज कायम रहे।
मायावती ने यह भी कहा कि जो लोग इस तरह के बयान देकर नफरत फैलाते हैं, वे संविधान और लोकतंत्र के लिए खतरा हैं। उन्होंने बुधवार को पार्टी दफ्तर में मुस्लिम समाज भाईचारा संगठन और एसआईआर पर अहम बैठक बुलाने की घोषणा की है। इस बैठक में मुस्लिम समुदाय की पार्टी में भूमिका और भागीदारी को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी।






