Home / News / डबल मर्डर पर विधायक का अल्टीमेटम, कहा—जल्द उद्भेदन नहीं हुआ तो करेंगे प्रदर्शन

डबल मर्डर पर विधायक का अल्टीमेटम, कहा—जल्द उद्भेदन नहीं हुआ तो करेंगे प्रदर्शन

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

भरपुरा के मृतक दंपती के परिजनों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना से मिले 20-20 हजार रुपये; विधायक ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

समस्तीपुर/विभूतिपुर। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा डीह वार्ड संख्या-11 में बुजुर्ग दंपती बंगाली दास एवं उनकी पत्नी धनमा देवी की निर्मम हत्या के मामले में अब तक उद्भेदन नहीं होने पर विधायक अजय कुमार ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड जैसे गंभीर मामले में पुलिस को वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से जल्द अपराधियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मामले का उद्भेदन नहीं हुआ तो इसके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

विधायक अजय कुमार ने कहा कि सरकार के नियम के अनुसार किसी घटना में व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके क्रियाकर्म के लिए परिवार को पारिवारिक लाभ के तहत आर्थिक सहायता दी जाती है। सामान्य प्रक्रिया में एफआईआर, पोस्टमार्टम और मृत्यु प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों के बाद सहायता राशि स्वीकृत की जाती है।

उन्होंने कहा कि भरपुरा का डबल मर्डर सामान्य घटना नहीं, बल्कि अपवाद स्वरूप मामला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई गई।

इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में विधायक अजय कुमार एवं पंचायत के मुखिया भगवान शाह ने मृतक दंपती के परिजनों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20-20 हजार रुपये के चेक सौंपे। सहायता राशि मिलने से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक राहत मिली।

अब तक नहीं हुआ हत्याकांड का उद्भेदन

विधायक ने कहा कि भरपुरा में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस अभी तक अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए उपलब्ध वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के साधनों का इस्तेमाल करने की मांग की। उनका कहना है कि हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों का जल्द पता लगाया जाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि पुलिस को शीघ्र कार्रवाई कर हत्याकांड का उद्भेदन करना चाहिए। यदि जल्द मामले का खुलासा नहीं होता है तो इसको लेकर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

गौरतलब है कि विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा डीह वार्ड संख्या-11 में बीते दिनों घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती बंगाली दास और धनमा देवी की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। घटना के बाद से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now