Home / Article / सरगबुंदिया में विशेष ग्राम सभा का बहिष्कार, पंचायत भवन के बाहर जुटे ग्रामीण

सरगबुंदिया में विशेष ग्राम सभा का बहिष्कार, पंचायत भवन के बाहर जुटे ग्रामीण

करतला//कोरबा जिले के जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में 2 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभा को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने ग्राम सभा का बहिष्कार कर दिया और बड़ी संख्या में पंचायत भवन के बाहर एकत्र होकर अपनी नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय कार्यों में लापरवाही, अनियमितता और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामले हैं, जिन्हें ग्राम सभा में सामने नहीं लाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तर पर जिन मुद्दों और कार्यों की जानकारी ग्राम सभा में दी जानी चाहिए, उन्हें लेकर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है।
ग्रामीणों और सरपंच के बीच कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत भवन के बाहर मौजूद हैं और ग्राम सभा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों की नाराजगी के चलते अब तक ग्राम सभा शुरू नहीं हो सकी है।
इस मामले में सरपंच का पक्ष जानने का प्रयास किया गया। सरपंच ने कहा कि “ग्राम सभा शुरू ही नहीं हुआ है, तो मैं क्या बयान दूं।”
अब देखने वाली बात होगी कि पंचायत एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों की शिकायतों पर क्या संज्ञान लेते हैं और विशेष ग्राम सभा कब शुरू होती है।

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now