नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई. पोखरा से काठमांडू आ रही एक यात्री बस त्रिशूली नदी में गिर गई. इस हादसे में मरने वालों की सूची में 6 महिलाएं और 12 पुरुषों की शामिल हैं.
इस हादसे में कुल 26 लोगों को अस्पतालों में भेजा गया है. दुर्घटना में विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं. मृतकों और घायलों में एक न्यूजीलैंड का नागरिक भी बताया गया है. दुर्घटनास्थल से सभी घायलों को निकाल लिया गया है. कुछ का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि अधिकांश को उपचार के लिए काठमांडू रेफर किया गया है.
बस रात करीब 1 बजे पृथ्वी राजमार्ग के अंतर्गत पोखरा से काठमांडू की ओर आ रही थी. बस धादिंग के बेनिघाट रोरांग में त्रिशूली नदी किनारे जा गिरी. बस सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली.
बस में सवार थे 44 यात्री
मृतकों में एक पुरुष और एक महिला विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. दोनों न्यूजीलैंड के निवासी बताए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय बस में कुल 44 यात्री सवार थे. घायल 26 यात्रियों को बचाकर इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है.






