उत्तराखंड की सियासी हवाओं में तैर रही दलबदल की अटकलों के बीच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की देहरादून में एंट्री ने सियासत तेज कर दी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से लगभग नेपथ्य में रहे बहुगुणा दिल्ली से अचानक देहरादून पहुंचे और उन्होंने कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और सुबोध उनियाल समेत उन सभी नौ लोगों से बात की, जो कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए थे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके विधायक बेटे की कांग्रेस में वापसी के बाद भाजपा में दलबदल की चर्चाएं थम नहीं रहीं हैं। अब कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के कांग्रेस में वापसी की अटकलें तैर रही हैं। इन कयासबाजियों से प्रदेश संगठन खासा असहज है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी केंद्रीय नेतृत्व ने इन अटकलों पर पूर्ण विराम लगाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा को मैदान में उतारा है। लंबे समय से तकरीबन उपेक्षित रहे बहुगुणा ने अपने साथियों से मुलाकात करने से पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय का रुख किया। वहां उन्होंने प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार से मुलाकात की।
रिपोर्ट – सोनिया दानू