चित्रकूट – प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी के कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के चयनित 79 ग्रामों के सन्दर्भ में योजनागत प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जनपद के कुल 18 ग्रामों, जिनमें विकास खण्ड कर्वी एवं पहाड़ी के 01 ग्राम, विकास खण्ड मऊ के 03 ग्राम तथा विकास खण्ड मानिकपुर के 13 ग्राम सम्मिलित हैं, में ग्राम स्तरीय समिति द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तार से विचार किया गया। जिलाधिकारी द्वारा उक्त सभी 18 ग्रामों में प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में आवश्यक आधारभूत संरचनात्मक निर्माण कार्यों की आवश्यकता का पुनर्मूल्यांकन किए जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा जनपद के शेष चयनित ग्रामों में भी अवसंरचनात्मक विकास कार्यों के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे शिक्षा एवं पोषण से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित किया जा सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरुण कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम की अध्यक्षता में पीएम आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा बैठक संपन्न हुई….






