अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल – बिना परमिशन बने 3 अवैध मकान, कब जागेगा विभाग?
कोरबा//एसईसीएल कुसमुंडा कोयला खदान क्षेत्र अंतर्गत गेवरा बस्ती, बरपाली मोहल्ला में दिनांक 16.05.2026 को 03 मंजिला मकान का मलबा दूसरे के छत पर गिरा था। हादसे में किसी की जान तो नहीं गई, लेकिन बड़ा हादसा होते-होते रह गया था।
बताया जा रहा है कि संबंधित विभाग से बिना परमिशन के एक ही जगह पर तीन अवैध मकान बनाए गए हैं। जिसमें आमने-सामने 2 मंजिला आलीशान मकान का निर्माण किया गया है। 5 माह पूर्व तीसरी मंजिल के निर्माण के दौरान तीसरी मंजिल की दीवार भरभरा कर किसी दूसरे के घर की छत पर गिर गई थी, जिससे जानमाल की हानि टल गई थी। संबंधित विभाग से बिना परमिशन के मकान निर्माण में गुणवत्ताहीन मटेरियल का उपयोग किए जाने के कारण ही मलबा गिरने की घटना हुई।
खबर छपने के बाद भी प्रशासन मौन
घटना की खबर प्रकाशन के बाद भी आज तक संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से मौके पर जांच नहीं की गई। न ही निर्माण की अनुमति, नक्शा और गुणवत्ता की जांच हुई और न ही अवैध निर्माण पर कोई कार्यवाही हुई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब घटना की जानकारी प्रशासन तक पहुंच चुकी है, खबर भी प्रकाशित हो चुकी है, तो फिर कार्यवाही में देरी क्यों हो रही है? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? क्या किसी की जान जाने के बाद ही विभाग की नींद टूटेगी?
कुसमुंडा जैसे संवेदनशील कोयला खदान क्षेत्र में बिना अनुमति के इस तरह का गुणवत्ताहीन निर्माण न सिर्फ नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों की जान के लिए भी सीधा खतरा है।
अब इस मामले में सूचना के अधिकार के तहत निर्माण की अनुमति, जांच रिपोर्ट और कार्यवाही की जानकारी मांगी जा रही है। प्रशासन को अब यह बताना होगा कि 5 माह से अवैध निर्माण पर कार्यवाही क्यों नहीं हुई।






