झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
जिला कलक्टर ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
झालावाड़, 24 जुलाई। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को मिनी सचिवालय सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में समारोह की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस को पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाए तथा सभी विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित रूप से निर्वहन सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों से आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण करेंगे तथा इसके उपरांत मुख्य समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्य समारोह श्रीमती विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में आयोजित होगा, जहां सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा, अग्निशमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी।
जिला कलक्टर ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को समारोह स्थल एवं शहर में सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने, संबंधित विभागों को मंच, ध्वनि, प्रकाश, बैठक, सजावट, राष्ट्रीय ध्वज, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा सभी तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
मुख्य समारोह में आयोजित होने वाली परेड एवं सामूहिक प्रस्तुतियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने नियमित रिहर्सल कराने, प्रतिभागी विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान की कार्यवाही समय पर पूर्ण करने को कहा।
जिला कलक्टर ने मुख्य समारोह से एक दिन पूर्व आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 14 अगस्त को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम गरिमापूर्ण, समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता का हो। कार्यक्रम में देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुतियां शामिल की जाएं। कलाकारों एवं विद्यार्थियों के पूर्वाभ्यास, मंच, ध्वनि, प्रकाश, बैठक व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक व्यवस्था की पूर्व समीक्षा कर किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दें, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह जिले में गरिमापूर्ण, भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर कमल सिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






