Home / News / लोक सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण, अभिलेखों एवं मूलभूत सुविधाओं की हुई जांच….

लोक सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण, अभिलेखों एवं मूलभूत सुविधाओं की हुई जांच….

बांका जिले में लोक सेवाओं की सुचारू एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर समाहर्ता, लोक शिकायत निवारण मिथिलेश प्रसाद सिंह एवं जिला आईटी प्रबंधक प्रमोद कुमार चौधरी द्वारा जिले के चार प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों — बौंसी, बाराहाट, रजौन एवं अमरपुर — के अंतर्गत संचालित लोक सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभिलेखों की गहन जांच की तथा दीवार लेखन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त लोक सेवा केंद्रों पर आने वाले आवेदकों के लिए बैठने हेतु चबूतरा, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।


अधिकारियों ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोक सेवा केंद्रों पर आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सेवा प्रदायगी की प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष बल दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्था में सुधार एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।
मनोरंजन प्रसाद
ब्यूरो चीफ, बांका

Tagged:
[post-views]
Share
Now