ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद आग लग गई और देखते ही देखते जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में 56 वर्षीय वीरपाल सिंह और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक की मौत हो गई। वहीं, अभिषेक की पत्नी काजल और दो साल का बेटा आदित्य गंभीर रूप से झुलस गए।बताया जा रहा है कि 2 दिसंबर को घर में बेटी की शादी होनी थी और परिवार तैयारियों में जुटा हुआ था। हादसे के वक्त वीरपाल की पत्नी और बेटी शादी की खरीदारी के लिए बाजार गई हुई थीं। इसी दौरान घर में यह हादसा हुआ। धमाके के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल मां और बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। शुरुआती जांच में गैस रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।





