रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली
भीलवाड़ा,15 सितम्बर। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार नगर निगम आयुक्त श्री कमल सिंह यादव ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था एवं चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त श्री यादव ने बडला चौराहा, जूनावास, नीलगिरो की मस्जिद, बहाला, पंचमुखी रोड एवं भवानी नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर स्वच्छता की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुर घाटी स्थित हनुमान जी सड़क निर्माण कार्य तथा बलिया खेड़ा गांव से श्मशान घाट तक बन रही सीसी सड़क का भी मौके पर अवलोकन किया गया। बलिया खेड़ा सड़क मार्ग के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सड़क का स्लोप निर्धारित मानकों के अनुरूप सही करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों को दिए, ताकि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदंडों का पूरा ध्यान रखा जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।






