लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समाहरणालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का होगा उद्घाटन, जिले के 10 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को दीप प्रज्ज्वलन के लिए किया गया चिह्नित
समस्तीपुर। जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ 17 सितंबर को किया जाएगा। राज्य स्तर पर निर्धारित इस अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी, समस्तीपुर के आदेश के अनुसार 17 सितंबर की संध्या जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, जीविका केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। आम लोगों को भी अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला स्तर पर समाहरणालय, समस्तीपुर में 17 सितंबर की संध्या सेवा संकल्प अभियान के उद्घाटन सत्र का आयोजन निर्धारित है। आदेश के मुताबिक उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस सहित संबंधित पदाधिकारी कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करेंगे।
अभियान के तहत जिले के 10 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को भी चिह्नित किया गया है। इनमें जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा, डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, डॉ. एल.के.वी.डी. महाविद्यालय ताजपुर, सदर अस्पताल समस्तीपुर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, समस्तीपुर रेलवे स्टेशन, सरदारगंज चौक दलसिंहसराय, गांधी चौक रोसड़ा, प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शाहपुर पटोरी और समाहरणालय समस्तीपुर शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यालय प्रधानों को कार्यक्रम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने तथा फोटो-वीडियो जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित वीडियो एवं फोटो को जिला प्रशासन के सोशल मीडिया पर समय से अपलोड करने को कहा गया है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ हैशटैग का उपयोग करते हुए फोटो, वीडियो और रील सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाएं। आदेश जिलाधिकारी, समस्तीपुर द्वारा 15 सितंबर 2026 को जारी किया गया है।









