लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
सागर होटल के पास हुआ भीषण हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों ने तोड़ा दम; पुलिस ने बाइकें जब्त कर शुरू की जांच
समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के सातनपुर रोड स्थित एनएच-28 पर सागर होटल के पास बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. आरपी मंडल ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के डगरूआ वार्ड संख्या-7 निवासी मो. कलीम के पुत्र मो. रहिस आजम (19) तथा सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखरा निवासी बैजनाथ राम के पुत्र रामचंद्र राम (45) के रूप में हुई है।
बताया गया कि दोनों बाइक सवार अपने-अपने वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान मुसरीघरारी चौक से आगे दलसिंहसराय की ओर जाने वाले मार्ग पर सागर होटल के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा। प्रभारी थानाध्यक्ष निधि ने बताया कि हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हुए थे, जिन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एनएच-28 पर हुई इस दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।







