तेलंगाना के संगारेड्डी जिले से गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बेहद दुखद हादसा सामने आया है। पेड्डा कांजेरला गांव के नेरेडु चेरुवु तालाब में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान छह छात्रों की डूबने से मौत हो गई। हादसा बुधवार शाम हुआ।
जानकारी के मुताबिक, छात्र गणेश प्रतिमा लेकर तालाब में विसर्जन के लिए पहुंचे थे। पानी में उतरने के दौरान वे गहरे हिस्से में चले गए और हादसे का शिकार हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक छात्रों में कुछ पॉलिटेक्निक के विद्यार्थी थे, जबकि एक छात्र कक्षा 10 में पढ़ता था।
हादसे की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े हालात की जानकारी जुटाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने छह छात्रों की मौत पर गहरा दुख जताया है। यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब राज्य में गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए जा रहे थे।





