उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में रविवार शाम लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।राहत में लगी टीम ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट चुका था। हादसे में 52 वर्षीय इस्लामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ आठ माह का जीशान, दो वर्षीय आहद, पांच वर्षीय अलशिफा और करीब 12 वर्षीय रुकसार भी मलबे में दबने से दम तोड़ चुके थे।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।इस हादसे में परिवार की दो बच्चियां रुकैया और सुमैया गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में प्रशासन का सहयोग किया। हादसे के बाद गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
सीएचसी बुढ़ाना के चिकित्साधिकारी डॉ. विकास ने बताया कि हबीबपुर गांव से कुल सात लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें इस्लामुद्दीन, जीशान, आहद, अलशिफा और रुकसार को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि रुकैया और सुमैया गंभीर रूप से घायल थीं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।






