Home / Breaking News / विकास योजनाओं में लापरवाही मिली तो तय होगी अफसरों की जवाबदेही…

विकास योजनाओं में लापरवाही मिली तो तय होगी अफसरों की जवाबदेही…

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

प्रभारी मंत्री दामोदर रावत ने की योजनाओं की विभागवार समीक्षा, जनप्रतिनिधियों के जनहित के मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

समाहरणालय सभागार में सोमवार को परिवहन मंत्री सह समस्तीपुर के प्रभारी मंत्री दामोदर रावत की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक पहुंचाने तथा कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा द्वारा प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति और लंबित कार्यों की जानकारी समिति के समक्ष रखी।

लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने का निर्देश

बैठक में ग्रामीण विकास, सड़क एवं आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, नगर विकास एवं कल्याण समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने और पूर्ण हो चुकी योजनाओं का नियमित अनुश्रवण एवं स्थलीय निरीक्षण कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल स्वीकृति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन कर आम लोगों तक वास्तविक लाभ पहुंचाना है। योजनाओं में अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी की जवाबदेही तय करने का निर्देश भी दिया।

जनप्रतिनिधियों ने उठाए सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य के मुद्दे

बैठक में सांसद, विधायक, विधान पार्षद, महापौर एवं जिला परिषद अध्यक्ष सहित समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे उठाए। सड़क निर्माण एवं मरम्मत, जल निकासी, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई एवं ग्रामीण आधारभूत संरचना से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया।

प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमसंगत एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में उचित महत्व दिया जाए।

विधि-व्यवस्था पर भी हुई चर्चा

बैठक में विकास योजनाओं के साथ जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने समिति को जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

ये रहे मौजूद

बैठक में सांसद शांभवी, विधान पार्षद तरुण कुमार, रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार, हसनपुर विधायक राजकुमार राय, विधायक मांजरिक मृणाल, विधायक अजय कुमार, विधायक अश्वमेघ देवी, समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम, जिला परिषद अध्यक्ष खुशबू कुमारी, जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष दुर्गेश कुमार एवं उपेंद्र कुमार कुशवाहा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को समिति के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now