Home / Trending / मुंबई में सड़क हादसे का शिकार हुईं नोरा फतेही नशे में धुत ड्राइवर ने मारी टक्कर….

मुंबई में सड़क हादसे का शिकार हुईं नोरा फतेही नशे में धुत ड्राइवर ने मारी टक्कर….

अभिनेत्री और मशहूर डांसर नोरा फतेही शनिवार शाम मुंबई में एक सड़क दुर्घटना में फंस गईं। वह मशहूर म्यूजिक आर्टिस्ट डेविड गुएटा के शो के लिए सनबर्न फेस्टिवल जा रही थीं, तभी एक कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला ड्राइवर नशे की हालत में था।

हादसे के तुरंत बाद नोरा फतेही की टीम उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां एहतियातन सीटी स्कैन समेत जरूरी जांच की गई। डॉक्टरों ने किसी भी तरह की गंभीर चोट या अंदरूनी रक्तस्राव की संभावना से इनकार किया। मेडिकल टीम के अनुसार, नोरा को हल्का झटका लगा था और उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी गई थी।

हालांकि, नोरा फतेही ने अपने काम के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए उसी रात सनबर्न फेस्टिवल में शिरकत की। वह कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिससे उनके फैंस ने राहत की सांस ली।

मुंबई पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल ड्राइवर शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और नशे में गाड़ी चलाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, नोरा फतेही पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर है।

गौरतलब है कि सनबर्न फेस्टिवल आमतौर पर गोवा में आयोजित होता रहा है, लेकिन इस साल यह आयोजन मुंबई में किया जा रहा है। तीन दिन चलने वाला यह म्यूजिक फेस्टिवल 19 दिसंबर को शुरू हुआ था और 21 दिसंबर को इसका समापन होगा।

वर्कफ्रंट की बात करें तोनोरा फतेही हाल ही में आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘थामा’ के एक गाने में नजर आई थीं। आने वाले समय में वह फिल्म ‘केडी: द डेविल’ में दिखाई देंगी। फिल्मों के साथ-साथ नोरा देश-विदेश में कॉन्सर्ट और स्टेज परफॉर्मेंस के लिए भी जानी जाती हैं।

Tagged:
[post-views]
Share
Now