जम्मू -कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक उद्घाटन समारोह में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक तिरंगे वाले रिबन को काटने से इनकार कर दिया। उन्होंने बुधवार को एक प्रतिष्ठित हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनी के उद्घाटन के दौरान लंबे समय से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए यह कदम उठाया। अब्दुल्ला ने आयोजकों से अनुरोध किया कि वे रिबन को बिना तोड़े ही खोलें और उसे सुरक्षित रखें
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
उद्घाटन समारोह में तीन रंग- भगवा, सफेद और हरे रंग की पट्टियों वाला रिबन काटने के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री कैंची लेकर आगे बढ़े, उनकी नजर रिबन के रंगों पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रध्वज के प्रतीकात्मक रंगों को काटने के बजाय अपनी कैंची को पीछे किया और रिबन कट करने से मना कर दिया। वहीं, सोशल मीडिया पर उमर अब्दुल्ला का यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है और कई यूजर्स मुख्यमंत्री की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।





