आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। काशी बुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा एकादशी के मौके पर हुआ जब मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे थे। मंदिर के प्रवेश द्वार पर अचानक भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोग गिर पड़े और दबने से उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि मंदिर परिसर में हालात काबू में रखे जा सकें। काशी बुग्गा सब डिवीजन के डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे यह घटना हुई। अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि श्रीकाकुलम जिले के काशी बुग्गा मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों को शीघ्र इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा है। घटना के बाद मंदिर परिसर और सीढ़ियों पर लोगों की भारी भीड़ के वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग दबे हुए नजर आए। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान रेलिंग टूट गई थी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। प्रशासन ने सभी घायलों को बेहतर इलाज देने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






