मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे T20I में इंग्लैंड ने क्रिकेट प्रेमियों को एक यादगार मुकाबला देखने को दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने महज दो विकेट खोकर 20 ओवर में 304 रन बना डाले और फुल मेंबर नेशन के खिलाफ 300+ रन बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। इससे पहले जिम्बाब्वे और नेपाल ने T20I में बड़े स्कोर बनाए थे, लेकिन इंग्लैंड का यह कारनामा इतिहास में दर्ज हो गया।
इंग्लैंड की पारी की शुरुआत ओपनर बल्लेबाजों ने धमाकेदार तरीके से की। फिल सॉल्ट और जोस बटलर ने पावरप्ले में ही साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी को तहस-नहस कर दिया और सिर्फ 6 ओवर में टीम को 100 रन तक पहुंचा दिया। खास बात यह रही कि यह फुल मेंबर नेशन के खिलाफ सबसे तेज़ शतकीय शुरुआत बन गई।
फिल सॉल्ट ने 60 गेंदों में नाबाद 141 रन ठोककर अपनी आतिशी पारी दिखाई, जिसमें 15 चौके और 8 छक्के शामिल थे। जोस बटलर ने भी 30 गेंदों में 83 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दी। जवाब में दक्षिण अफ्रीका पूरी तरह दबाव में रही और 16.1 ओवर में केवल 158 रन पर ढेर हो गई। इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट लिए, जबकि सैम करन, लियाम डॉसन और विल जैक्स ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
T20I में सबसे बड़ा स्कोर
344/4 – जिम्बाब्वे बनाम गाम्बिया (नैरोबी, 2024)
314/3 – नेपाल बनाम मंगोलिया (हांग्जो, 2023)
304/2 – इंग्लैंड बनाम साउथ अफ्रीका (मैनचेस्टर, 2025)
297/6 – भारत बनाम बांग्लादेश (हैदराबाद, 2024)
286/5 – जिम्बाब्वे बनाम सेशेल्स (नैरोबी, 2024)
रिपोर्ट:- कनक चौहान






