Home / News / विकसित भारत का संकल्प, युवाओं के विचारों में दिखा नया जोश! बांका में जिला स्तरीय युवा सांसद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, हिमांशु कुमार ने मारी बाजी।

विकसित भारत का संकल्प, युवाओं के विचारों में दिखा नया जोश! बांका में जिला स्तरीय युवा सांसद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, हिमांशु कुमार ने मारी बाजी।

नशामुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प के साथ युवाओं ने रखे अपने विचार, अब राज्य स्तर पर बांका का करेंगे प्रतिनिधित्व। युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली ताकत है और युवाओं के विचार ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेंगे। इसी उद्देश्य को लेकर बांका में माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा सांसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अद्वैत मिशन ट्रेनिंग कॉलेज, मंदार विद्यापीठ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर अपने ओजस्वी विचार रखे। प्रतियोगिता में युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के सपने को साकार करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

बांका जिले में युवाओं की प्रतिभा, तर्कशक्ति और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी सोच को मंच देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय विकसित भारत युवा सांसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। युवाओं ने अपने भाषण के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के भाषणों का मूल्यांकन पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. सलिल कुमार सिंह, डॉ. पुलकित कुमार मंडल, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, डॉ. साकिब तौफीक एवं डॉ. अरविंद पांडे शामिल रहे।

प्रतियोगिता के परिणाम में हिमांशु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अमृता द्वितीय और शिवम तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अद्वैत मिशन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष अरविंद मडम्बत ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बांका जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए विशेष रूप से बधाई और शुभकामनाएं दीं।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बांका जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कुल मिलाकर, इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण का रास्ता चुनेंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now