Home / News / बाढ़ के बीच मैदान में उतरे DM, तटबंधों पर बढ़ाई निगरानी

बाढ़ के बीच मैदान में उतरे DM, तटबंधों पर बढ़ाई निगरानी

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

मोहिउद्दीननगर-मोहनपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण, अफसरों को कैंप मोड में रहने का फरमान

समस्तीपुर जिले में बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रशासन ने अपनी निगरानी और तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा गुरुवार को खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और मोहिउद्दीननगर एवं मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। डीएम ने मौके पर जलस्तर, आवागमन, तटबंधों की स्थिति तथा प्रभावित लोगों को मिल रही आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अब कार्यालय से नहीं, बल्कि कैंप मोड में काम करना होगा। एसडीओ, बीडीओ, सीओ और बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को क्षेत्र में लगातार मौजूद रहकर स्थिति पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

तटबंधों पर हर पल नजर

बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षात्मक एवं निरोधात्मक कार्रवाई तत्काल शुरू करने को कहा गया। प्रशासन का फोकस खास तौर पर उन इलाकों पर है, जहां जलस्तर बढ़ने या तटबंध पर दबाव बढ़ने की आशंका है।

पानी के साथ सुविधाओं की भी चिंता

डीएम ने प्रभावित आबादी की जरूरतों का लगातार आकलन करने और प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।

राहत-बचाव की रोज होगी रिपोर्टिंग

अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन राजेश सिंह को राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासनिक तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग करने और हर दिन की स्थिति की रिपोर्ट जिलाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया है।

डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। प्रशासनिक और तकनीकी टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं। चुनौतीपूर्ण स्थिति सामने आने पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है।

मौके पर मोहिउद्दीननगर विधायक राजेश सिंह, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, एडीएम आपदा प्रबंधन राजेश सिंह, पटोरी एसडीओ विकास पांडेय समेत संबंधित बीडीओ, सीओ, बाढ़ प्रमंडल के अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now