सोमवार रात देहरादून की बाजार चौकी का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया जब सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ लोग शिकायत लेकर पहुंचे। शुरुआत कुछ लोगों से हुई, लेकिन देखते ही देखते भीड़ सैकड़ों में बदल गई। नाराज़ लोगों की भीड़ बढ़ती गई और इलाके में जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने हालात को संभालने के लिए कई थानों से फोर्स बुलाया और समझाने की कोशिश की कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और कानूनी कार्रवाई चल रही है। हालांकि, इसके बावजूद भीड़ शांत नहीं हुई। समाज के कुछ जिम्मेदार लोग भी सामने आए और लोगों से सड़क खाली करने की अपील की, लेकिन जब हालात बिगड़ने लगे तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा ताकि किसी बड़े उपद्रव से बचा जा सके और यातायात सामान्य किया जा सके।






