उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए केदारनाथ धाम की हेलीकॉप्टर सेवा अब और महंगी हो गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने हेली सेवा के किराए में 49 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जिससे श्रद्धालुओं को इस बार अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी। यह नई दरें 15 सितंबर 2025 से लागू होंगी। हालांकि, इसके लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की अंतिम अनुमति मिलनी आवश्यक है।
UCADA के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि किराया बढ़ोतरी का फैसला आवश्यक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया गया है। हाल के वर्षों में चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर हादसों ने सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े किए थे। इसके चलते DGCA ने हेली सेवाओं के लिए कड़े मानक लागू किए हैं। इनमें ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन, पीटीजी कैमरे, एटीसी, वीएचएफ सेट, और सिलोमीटर जैसे तकनीकी सुधार शामिल हैं। साथ ही, देहरादून के सहस्त्रधारा और सिरसी में दो कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं, और 22 ऑपरेटरों की टीम उड़ानों पर नजर रखेगी। इन सभी उपायों के लिए अतिरिक्त लागत के कारण किराए में बढ़ोतरी की गई है।
नए किराए की दरें
नई दरों के अनुसार, केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का किराया इस प्रकार है:
- गुप्तकाशी से केदारनाथ: आने-जाने का किराया 12,444 रुपये
- फाटा से केदारनाथ: 8,842 रुपये
- सिरसी से केदारनाथ: 8,839 रुपये
पहले गुप्तकाशी से यह किराया लगभग 8,532 रुपये, जबकि फाटा से केदारनाथ 6062 और सिरसी से 6,060 रुपये था। इस तरह बढ़ोतरी के बाद श्रद्धालुओं को प्रति व्यक्ति 4,000 से 5,000 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।






